कांग्रेस में भाजपा से लड़ने का जोश नहीं: टीएमसी ने कहा- ममता बनर्जी देश में सबसे लोकप्रिय विपक्षी चेहरा

Share Latest News On:

टीएमसी के मुखपत्र ‘जागो बांग्ला’ में छपे ‘कांग्रेस इन डीप फ्रीजर’ शीर्षक वाले लेख में कहा गया है, ‘कांग्रेस में भाजपा से लड़ने का जोश नहीं है। पार्टी अंदरूनी कलह में इतनी फंस गई है कि उसके पास विपक्ष बनाने के लिए शायद ही समय या ऊर्जा है।’

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के ‘अब कोई यूपीए नहीं है’ वाले बयान के बाद टीएमसी और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग जारी है। इस बीच टीएमसी के मुखपत्र ‘जागो बांग्ला’ ने कहा है कि कांग्रेस ‘डीप फ्रीजर’ में चली गई है, विपक्षी ताकतें चाहती हैं ममता नेतृत्व करें। तृणमूल कांग्रेस ने अपने मुखपत्र ‘जागो बांग्ला’ में इस बात को फिर से दोहराया है कि वह भाजपा से लड़ने के लिए प्रतिबद्ध है।

‘जागो बांग्ला’ में छपे ‘कांग्रेस इन डीप फ्रीजर’ शीर्षक वाले लेख में कांग्रेस के खिलाफ प्रशांत किशोर के ताजा ट्वीट का जिक्र किया गया है। यह सिर्फ चुनावी रणनीतिकार ही नहीं बल्कि खुद कांग्रेस नेता भी हैं, जो पार्टी नेतृत्व की आलोचना कर रहे हैं। लेख में कहा गया है, ‘टीएमसी लंबे समय से यह कह रही है कि कांग्रेस में भाजपा से लड़ने का जोश नहीं है। पार्टी अंदरूनी कलह में इतनी फंस गई है कि उसके पास विपक्ष बनाने के लिए शायद ही समय या ऊर्जा है।’ इस  लेख में कहा गया है कि यूपीए का अस्तित्व नहीं है।

लेख में कहा गया है, ‘देश को वर्तमान में एक वैकल्पिक मोर्चे की जरूरत है और विपक्षी दलों ने ममता बनर्जी को वह जिम्मेदारी दी है। वह वर्तमान में देश में सबसे लोकप्रिय विपक्षी चेहरा हैं।’ बता दें कि किशोर ने गुरुवार को ट्विटर पर कहा कि कांग्रेस का नेतृत्व किसी व्यक्ति का ‘ईश्वरीय अधिकार’ नहीं है। खासकर जब पार्टी पिछले 10 वर्षों में 90 फीसदी से अधिक चुनाव हार गई हो। मालूम हो कि हाल ही में ममता बनर्जी ने अपनी मुंबई यात्रा के दौरान कहा था कि ‘अब कोई यूपीए नहीं है’।